2003 के बाद की प्रविष्टियों की शीघ्र जांच पूरी करने के निर्देश
गोपेश्वर।
जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सभागार गोपेश्वर में परिवार रजिस्टरों की जांच को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के आदेशों के अनुपालन में वर्ष 2003 के पश्चात परिवार रजिस्टरों में की गई प्रविष्टियों की जांच वर्तमान में पूरे प्रदेश में की जा रही है। इसी क्रम में जनपद चमोली की 615 ग्राम पंचायतों में भी गठित समितियों के माध्यम से जांच कार्य प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि परिवार रजिस्टरों की प्रविष्टियों की जांच के लिए जिला स्तर एवं विकासखंड स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। जिला स्तरीय जांच समिति का अध्यक्ष मुख्य विकास अधिकारी को नियुक्त किया गया है, जबकि विकासखंड स्तर की समितियों के लिए संबंधित उपजिलाधिकारियों को अध्यक्ष नामित किया गया है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 2003 के बाद परिवार रजिस्टरों में की गई सभी प्रविष्टियों की जांच शीघ्र पूर्ण कर रिकॉर्ड जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला पंचायतीराज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी उपस्थित रहे। वहीं सभी उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।
