थराली। देवाल स्थित राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, ब्लॉक और जनपद का नाम रोशन किया है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुमन रानी ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्र-छात्राएं लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सत्र 2024–25 में विद्यालय के तीन विद्यार्थियों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में तथा दो विद्यार्थियों का चयन राजीव नवोदय विद्यालय में हुआ था। वहीं सत्र 2025–26 में भी विद्यार्थियों ने सैनिक स्कूल, गणित विजार्ड, इंग्लिश विजार्ड और एफएलएन प्रतियोगिता सहित कई प्रतिस्पर्धाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
हाल ही में आयोजित नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जनपद चमोली में विहान खत्री ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि दक्ष बिष्ट ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस वर्ष विद्यालय से कुल पांच विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय के लिए हुआ है।
प्रधानाध्यापिका ने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के समस्त शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दलवीर सिंह बिष्ट, डाइट मेंटर मितल मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।
