पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने DM से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा, कहा – पॉलीथिन बनाने वाली फैक्ट्रियों पर हो कार्रवाई, छोटे दुकानदारों को परेशान न किया जाए।
देहरादून। पॉलीथिन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में छोटे दुकानदारों एवं रेहड़ी-पटरी व्यापारियों के कथित उत्पीड़न को लेकर पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि प्रतिबंधित पॉलीथिन का निर्माण छोटे दुकानदार, रेहड़ी-पटरी वाले या ठेला लगाने वाले लोग नहीं करते हैं। इसका निर्माण बड़े स्तर पर फैक्ट्रियों में होता है और होलसेल विक्रेताओं के माध्यम से बाजारों में पहुंचाया जाता है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा लगातार छोटे दुकानदारों पर छापेमारी कर चालान किए जा रहे हैं, जिससे गरीब एवं छोटे व्यापारियों में भय का माहौल है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में पॉलीथिन पर रोक लगाने को लेकर गंभीर है तो सबसे पहले पॉलीथिन बनाने वाली बड़ी फैक्ट्रियों और होलसेल विक्रेताओं पर कार्रवाई की जाए। केवल छोटे व्यापारियों पर कार्रवाई करने से समस्या समाप्त नहीं होगी।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि कार्रवाई की शुरुआत पॉलीथिन के उत्पादन और सप्लाई की जड़ से होनी चाहिए। छोटे दुकानदार अपनी रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
महानगर कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार बांगा ने कहा कि छोटे व्यापारियों को नियमों की जानकारी देकर वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। पॉलीथिन के नाम पर उन्हें परेशान करना उचित नहीं है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि पॉलीथिन के निर्माण, भंडारण और थोक आपूर्ति करने वाले बड़े प्रतिष्ठानों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा छोटे दुकानदारों एवं रेहड़ी-पटरी वालों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
इस दौरान पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, निखिल कुमार, अजीत सिंह, नमन, चमन, गुरु नैन, शिवा सोनकर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
