CM धामी ने कहा- PM मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा, नागरिकों को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को केंद्र में रखते हुए नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के प्रमुख कार्यक्रम:
*1. आशीर्वाद का दीया: सरकारी योजना केंद्रों, गैस वितरण केंद्रों, राशन दुकानों, धार्मिक स्थलों और गंगा तट पर दीप प्रज्वलन।
*2. मेरे सपनों का भारत: स्कूलों में विकसित भारत पर चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिता।
*3. नमो सेवा-अनकही कहानियां: देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का मंचन।
*4. आंगन मिलन सेवा: आंगनवाड़ी केंद्रों पर मातृ-बाल स्वास्थ्य और पोषण पर कार्यक्रम।
*5. सेवा ज्योति कलश यात्रा: प्रमुख चौराहों पर विकसित भारत कलश की स्थापना और साइकिल-बाइक यात्रा।
*6. सेवा सेतु अभियान: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार के तहत बहुउद्देशीय शिविर और स्वास्थ्य शिविर।
*7. सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज: IITs, IIMs के सहयोग से युवाओं के नवाचारों को बढ़ावा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उन्होंने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण रहेगी। यह अभियान हर जिले में प्रभारी मंत्रियों की मौजूदगी में मनाया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा एवं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।
