टिहरी। विकासखंड प्रतापनगर के पट्टी उपली रमोली के हेरवालगांव में नशामुक्त शादी का उदाहरण पेश करने पर पूर्व प्रधान अब्बल सिंह रावत और उनकी पत्नी अतरा देवी को सम्मानित किया गया। उन्होंने अपनी सुपुत्री आरती का विवाह नशामुक्त वातावरण में संपन्न कर समाज को प्रेरणा दी।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव और सिविल जज आलोक राम त्रिपाठी ने दंपति को प्रशस्ति पत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।यह सम्मान समारोह शुक्रवार को हेरवालगांव में उत्तराखंड देवभूमि नशामुक्त मोर्चा के संयोजक देवी सिंह पंवार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि आलोक राम त्रिपाठी ने 25 और 26 सितम्बर को सम्पन्न हुई आरती की शादी को नशामुक्त रखने के इस निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी अंचलों में तेजी से फैल रहे नशे के दुष्प्रभावों से स्थानीय संस्कृति और परंपराएं प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में नशामुक्त शादियां समाज में एक नई सोच और सकारात्मक संदेश देने का काम कर रही हैं।
सिविल जज ने विवाह कार्ड में पहले से ही दर्ज ‘नशामुक्त शादी’ की सूचना का जिक्र करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से लोग प्रेरित होंगे और सामाजिक परिवर्तन की राह खुलेगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे की प्रवृत्ति से दूर रहकर पहाड़ की संस्कृति और जीवन मूल्यों की रक्षा करें।
मोर्चा के संयोजक देवी सिंह पंवार ने जानकारी दी कि पट्टी उपली रमोली के अनेक गांवों में लोग नशामुक्त शादियों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने सिविल जज से दीनगांव में नशा उन्मूलन के लिए एक बड़े स्तर पर शिविर आयोजित करने की मांग भी रखी।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने भी इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में नशा छोड़ने की प्रेरणा जगाने के साथ ही नई पीढ़ी को स्वस्थ दिशा देंगे। कार्यक्रम में एडवोकेट राजपाल मियां, पूर्व प्रधान राजपाल राणा, प्रभारी थाना अध्यक्ष राजेंद्र कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वयक संजय रावत, सौरभ रावत सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
