देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को श्री केदारनाथ धाम के रावल श्री श्री श्री 1008 भीमाशंकर लिंग ने शिष्टाचार भेंट की और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर रावल ने भगवान केदारनाथ जी की कृपा से प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने रावल का स्वागत करते हुए केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर लगातार कार्य कर रही है।

सीएम धामी ने आगामी यात्रा सीजन को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुलाकात के दौरान केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं, यात्रा संचालन और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने रावल से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा भी व्यक्त की।
