गोपेश्वर। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को चारधाम यात्रा मार्गों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा मार्गों की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का सुधार कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने सड़क ट्रीटमेंट, ब्लैकटॉप, प्रोटेक्शन वर्क और स्लोप स्टेब्लाइजेशन जैसे कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों द्वारा यात्रा मार्गों की वास्तविक प्रगति रिपोर्ट न भेजे जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यों की जमीनी हकीकत के अनुरूप रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी ने एनएचआईडीसीएल, बीआरओ और एनएच रुद्रप्रयाग के अधिकारियों को अलग-अलग मार्गों पर कार्यों में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त मैनपावर और मशीनरी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश को कार्यों की नियमित निगरानी कर वास्तविक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़कर खराब सड़कों के कारण लगने वाले जाम और उससे होने वाली परेशानियों की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सड़क कार्यों का पूरा होना बेहद जरूरी है, ताकि यात्रियों को जाम जैसी समस्याओं से न जूझना पड़े।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, पीडब्ल्यूडी, बीआरओ, एनएचआईडीसीएल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
