Central Bank of India की सहस्त्रधारा शाखा का नए परिसर में उद्घाटन, हर्बर्टपुर शाखा का नवीनीकरण

देहरादून: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 19 मार्च 2026 को सहस्त्रधारा शाखा के नए एवं अधिक सुविधाजनक परिसर का उद्घाटन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इसके साथ ही हर्बर्टपुर शाखा के नवीनीकृत परिसर को भी ग्राहकों के लिए समर्पित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रघुनाथ सिंह नेगी, अध्यक्ष जन संघर्ष मोर्चा एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष, तथा शीशराम तुंदवाल, अंचल प्रमुख दिल्ली, के कर-कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामप्रमोद आनंद, क्षेत्रीय प्रमुख देहरादून, ने की। इस अवसर पर बैंक के अन्य अधिकारी एवं लगभग 20 ग्राहक भी उपस्थित रहे।

सहस्त्रधारा शाखा के नए परिसर में ग्राहकों के लिए अधिक स्थान, बेहतर बैठने की व्यवस्था तथा सुव्यवस्थित काउंटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण के साथ आधुनिक बैंकिंग सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है। वहीं हर्बर्टपुर शाखा में भी नवीनीकरण के बाद ग्राहकों के लिए अधिक सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

बैंक अधिकारियों ने बताया कि शाखाओं में बचत खाता, चालू खाता, सावधि जमा, विभिन्न ऋण योजनाएं तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बैंक का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ते हुए उन्हें सरल एवं सुरक्षित सुविधाएं प्रदान करना है।

सहस्त्रधारा शाखा के नए परिसर में स्थानांतरण एवं हर्बर्टपुर शाखा के नवीनीकरण से क्षेत्र के व्यापारियों, उद्यमियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाएं और अधिक सुगमता से उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *