नवरात्रि के दूसरे दिन धामी मंत्रिमंडल का विस्तार, 5 नए मंत्रियों ने ली शपथ

देहरादून। नवरात्रि के दूसरे दिन उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। शुक्रवार सुबह लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल) ने नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने विधायक खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा एवं राम सिंह कैड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, गणेश जोशी एवं सौरभ बहुगुणा, सांसद महेन्द्र भट्ट और नरेश बंसल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किया।

शपथ ग्रहण क्रम में सबसे पहले देहरादून की राजपुर रोड विधानसभा से विधायक खजान दास ने शपथ ली, इसके बाद रुद्रप्रयाग से भरत सिंह चौधरी, हरिद्वार शहर से मदन कौशिक, रुड़की से प्रदीप बत्रा तथा भीमताल से राम सिंह कैड़ा ने शपथ ग्रहण की।

मंत्रिमंडल विस्तार को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अहम माना जा रहा है। नई कैबिनेट में क्षेत्रीय, जातीय एवं सामाजिक संतुलन साधने का प्रयास किया गया है। इस विस्तार के बाद अब मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 12 हो गई है।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में सरकार गठन के बाद से कई मंत्री पद रिक्त थे, जिन पर लंबे समय से विस्तार की चर्चा चल रही थी। वर्तमान कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने से ठीक पहले मंत्रिमंडल विस्तार कर राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *