गैस आपूर्ति का जायजा लेने रेस्टोरेंट पहुंचे सीएम धामी, कहा—जरूरत पड़ी तो देश फिर दिखाएगा एकजुटता

देहरादून | 

CM धामी ने देहरादून के गढ़ी कैंट क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट पहुंचकर रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक से गैस सप्लाई और खपत को लेकर विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में गैस का कोई बड़ा संकट नहीं है, लेकिन आने वाले समय में यदि आवश्यकता पड़ी तो देशवासियों को एक बार फिर कोरोना काल की तरह एकजुटता के साथ इस चुनौती का सामना करना होगा।

रेस्टोरेंट संचालक ने मुख्यमंत्री को बताया कि गैस आपूर्ति में थोड़ी कमी जरूर आई है, लेकिन फिलहाल सप्लाई नियमित रूप से मिल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि गैस की खपत कम करने के लिए तंदूर का अधिक उपयोग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे व्यावहारिक समाधान बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रशासन को निर्देश दिए कि गैस के संभावित विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि इंडक्शन सहित अन्य वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों का उपयोग बढ़ाना समय की जरूरत है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ ही आम जनता से अपील की कि जरूरत पड़ने पर संयम और सहयोग का परिचय दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह कोरोना काल में देश ने एकजुट होकर मुश्किलों का सामना किया था, उसी तरह का धैर्य और सहयोग इस बार भी जरूरी होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार हर परिस्थिति में आम जनता की मदद के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *