“जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम में गोपेश्वर में सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों की धूम

गोपेश्वर

“जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत दूसरे दिन गोपेश्वर में सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पीजी कॉलेज गोपेश्वर में किया गया, जिसका शुभारंभ भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने विश्व क्षय रोग उन्मूलन दिवस के अवसर पर टीबी से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया और लोगों को इसके प्रति सतर्क रहने की अपील की।

कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम “रुद्रेश कला मंच” और विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक लोक नृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में आयोजित कवि सम्मेलन भी आकर्षण का केंद्र रहा। बाल कवि कार्तिक तिवारी, कवयित्री दीपलता झिगवाण, प्रेरणा सेमवाल और शशि देवली ने अपनी रचनाओं से दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी कविताओं में पहाड़ी संस्कृति, समाज और समकालीन विषयों की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली।

विशेष रूप से रामचंद्र भट्ट इंटर कॉलेज गोपेश्वर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा।

वहीं, गोपेश्वर खेल मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिला।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी को सुदृढ़ करना और विकास के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना रहा। इस आयोजन ने स्थानीय संस्कृति, कला और खेल प्रतिभाओं को एक प्रभावी मंच प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *