भटवाड़ा में नागराजा मंदिर की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न, विधायक ने कैनोपी युक्त मार्ग की घोषणा की

नई टिहरी।   विधानसभा प्रतापनगर के अंतर्गत पट्टी ढुंगमंदार की ग्राम पंचायत भटवाड़ा में नवनिर्मित नागराजा मंदिर की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम पूरे विधि-विधान एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ गांव का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ दूर-दराज के शहरों में रह रहे प्रवासी भी बड़ी संख्या में अपने पैतृक गांव पहुंचे और नागराजा देवता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र से श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने पूजा-अर्चना के पश्चात जनता को संबोधित किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि नागराजा मंदिर तक पहुंचने वाले पैदल संपर्क मार्ग को और अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाने के लिए इस मार्ग को कैनोपी युक्त किया जाएगा, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को मंदिर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। विधायक की इस घोषणा का उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ स्वागत किया।

विधायक नेगी ने इस अवसर पर गांव लौटे प्रवासियों से विशेष अपील भी की। उन्होंने कहा कि रोजगार अथवा अन्य कारणों से अस्थायी रूप से बाहर निवास कर रहे लोगों को अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने प्रवासियों से प्रतापनगर विधानसभा की निर्वाचक नामावली में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि जब प्रवासी अपने मताधिकार का प्रयोग अपनी जन्मभूमि के लिए करेंगे, तभी क्षेत्र का समग्र विकास संभव होगा और वे विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बन सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *