पुरोला। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य बीते तीन दिनों से यमुना घाटी के दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने पुरोला तहसील कार्यालय पहुंचकर विभिन्न अनुभागों में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नेटवर्क कनेक्टिविटी एवं ई-ऑफिस के कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए ई-ऑफिस का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भूलेख एवं खतौनी अनुभाग द्वारा सहखातेदार एवं अंश निर्धारण से संबंधित जानकारी दी गई, जिसमें बताया गया कि कुल 6000 मामलों में से 240 मामलों का निर्धारण शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को वसूली के लंबित मामलों में तेजी लाकर शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अवैध अतिक्रमण से जुड़ी सरकारी एवं विभागीय भूमि को चिन्हित कर अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। स्कूली बच्चों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने के लिए तहसीलदार को समय-समय पर औचक निरीक्षण करने तथा उपजिलाधिकारी को नगर पालिका एवं नगर पंचायत का मासिक रिव्यू करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने थाना पुरोला का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीवी संचालन, महिला हेल्प डेस्क, पुलिस के सुरक्षा उपकरण एवं अपराध रजिस्टर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। थाने में सोलर पैनल से संबंधित समस्या की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने एसपीओ उरेडा से वार्ता कर तत्काल कार्यवाही करते हुए सोलर पैनल को फंक्शनल कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम प्रहरी के वेतन से संबंधित समस्या पर नजारत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
डामटा पुलिस चौकी के संबंध में जिलाधिकारी ने उपनिरीक्षक पुरोला, तहसीलदार बड़कोट एवं अधिशासी अभियंता की संयुक्त टीम गठित कर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
विकासखंड कार्यालय पुरोला के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड प्रबंधन, विकास योजनाओं की प्रगति एवं जनसुविधाओं की उपलब्धता का मूल्यांकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से क्रियान्वित किया जाए। इस दौरान उन्होंने ब्लॉक में उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं ब्लॉक प्रमुख पुरोला निशिता शाह से भी संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी पुरोला मुकेश चंद रमोला, तहसीलदार पुरोला कमलेश किरौला, खंड विकास अधिकारी सुरेश चौहान, प्रभारी थानाध्यक्ष दीपक कठैथ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
