श्रीनगर:
श्रीनगर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शुक्रवार को धामी कैबिनेट के विस्तार पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे भाजपा विधायकों के भीतर पनप रहे असंतोष को दबाने का प्रयास बताया।
महानगर कांग्रेस कार्यालय के उद्घाटन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महज आठ-नौ महीनों के लिए कुछ विधायकों को मंत्री बनाना राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के भीतर जल्द ही बड़ा राजनीतिक विस्फोट देखने को मिल सकता है।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर कांग्रेस पृष्ठभूमि के नेताओं को मंत्री बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और कार्यकर्ता बूथ स्तर तक मजबूती से काम कर रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, तानाशाही प्रवृत्ति और जनता की टूटती उम्मीदों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अब बदलाव जरूरी हो गया है।
गोदियाल ने भरोसा जताया कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर पहले ही दिन गैरसैंण को राज्य की स्थायी राजधानी घोषित किया जाएगा। इससे मध्य हिमालय क्षेत्र के बागेश्वर, अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और टिहरी सहित आसपास के क्षेत्रों में विकास को गति मिलने की उम्मीद जताई।
