नागथली मणि में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 44 में से 37 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

उत्तरकाशी:
उत्तरकाशी जनपद के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नागथली मणि में शुक्रवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा।

इस शिविर में 25 विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने-अपने स्टॉल लगाए और क्षेत्रवासियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

शिविर के दौरान दर्जाधारी राज्यमंत्री राम सुंदर नौटियाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य तथा मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह द्वारा जनसमस्याओं को सुना गया।

इस अवसर पर क्षेत्रवासियों द्वारा कुल 44 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें राजस्व, विकास, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न समस्याएं शामिल थीं। प्रशासन की तत्परता के चलते इनमें से 37 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए उनके शीघ्र एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ता और उन्हें एक ही स्थान पर त्वरित सुविधा उपलब्ध होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *