नई टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार महाभियान के तहत शनिवार को टिहरी गढ़वाल के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में प्रशासन ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
विकासखंड चम्बा की न्याय पंचायत जगधार में बादशाहीथौल बंगाचली खेल मैदान में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। शिविर का उद्देश्य दूरदराज के ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचाना था।
प्रमुख शिकायतें और मांगें
ग्रामीणों ने वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, विद्युत विभाग, उरेड़ा, जल संस्थान और शिक्षा विभाग से संबंधित समस्याओं को उठाया।

-
ढरसाल गांव के ग्राम प्रधान बुद्धी प्रसाद भट्ट ने सीमा पुनः सीमांकन की मांग की।
-
सुशील कुमार बहुगुणा ने जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से सुरक्षा की मांग उठाई।
-
ग्राम नकोट निवासी बैजनाथ ने बंदरों के उत्पात, जर्जर विद्युत तार और सड़क सुरक्षा पर ध्यान देने की मांग की।
-
क्षेत्र समिति सदस्य लामकोट माधुरी देवी ने सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण की आवश्यकता बताई।
जिलाधिकारी ने 45 शिकायतें और मांग पत्र प्राप्त किए और त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ
शिविर में बाल विकास विभाग की पहल से चार महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। इसके साथ ही एक दर्जन से अधिक लोगों को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
