आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक तकनीकों का दिया गया प्रशिक्षण, कर्मचारियों को कराया गया मैनिकिन पर अभ्यास
देहरादून। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यूजेवीएन लिमिटेड में बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एवं प्राथमिक उपचार विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का आयोजन कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून के सहयोग से किया गया, जिसमें निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दुर्घटना और चिकित्सकीय आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में प्रतिभागियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट का महत्व, बीएलएस तकनीकों का प्रदर्शन और मैनिकिन (पुतले) पर व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना, बिजली का करंट लगने, गले में वस्तु फंसने (चोकिंग) और डूबने जैसी आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार के तरीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव, त्वरित राहत पहुंचाने के उपायों और जीवन बचाने वाली अन्य तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान प्रतिभागियों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच भी की गई।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी दुर्घटना के बाद शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि उस दौरान सही जानकारी और उचित तकनीक के साथ प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाए तो गंभीर नुकसान और जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूकता, कौशल और आत्मविश्वास विकसित करना है।
कैलाश हॉस्पिटल की ओर से डॉ. अमिषा वत्स के नेतृत्व में श्रद्धा जोशी, रोहन बिष्ट, समीर बहुखंडी और सुदीप सुन्दरियाल ने प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षकों ने विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली जीवनरक्षक तकनीकों का प्रतिभागियों से अभ्यास भी कराया।
कार्यशाला में यूजेवीएन लिमिटेड के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार चौहान, सहायक अभियंता भूपेश पांगती, शमशेर सिंह, देवेन्द्र नौटियाल, सीमा, सुधीर कुमार सहित निगम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
