देहरादून। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति ‘भारत रत्न’ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन भारतीय शिक्षा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों का प्रेरणास्रोत है। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व आज भी शिक्षकों और विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरित करता है।
शिक्षकों को दी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक नई पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार और जीवन-मूल्यों से समृद्ध कर उन्हें सही दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी बेहतर नागरिक बनकर देश और समाज के विकास में अपना योगदान देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं।
