चकराता। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में आयोजित ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया।
कार्यक्रम के समापन समारोह में कैंट बोर्ड, चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे स्वयं इनका लाभ उठाने के साथ समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकें।

तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान कैंट इंटर कॉलेज और जौनसार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भाषण, चित्रकला, क्विज, योग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा जौनसारी लोक नृत्य में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर लगी चित्र प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कृषि विभाग, बाल विकास विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों ने भी अपने-अपने स्टॉलों पर योजनाओं और सेवाओं की जानकारी साझा की। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
समापन अवसर पर ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘विकसित भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि अनिल चांदना ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार, जन-जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना रहा।
