रुद्रप्रयाग। विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सरकारी और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रबंधन, संरक्षण तथा अतिक्रमण की रोकथाम को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की परिसंपत्तियों का विवरण गवर्नमेंट एसेट्स मैनेजमेंट सिस्टम (GAMs) पोर्टल पर अपलोड किए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों द्वारा पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए डाटा की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि वास्तविक परिसंपत्तियों के अनुरूप पोर्टल पर शत-प्रतिशत और सटीक डाटा अपडेट सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने अधीन आने वाली सभी सरकारी परिसंपत्तियों का पूरा विवरण, भूमि अभिलेख और अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करे, ताकि सरकारी संपत्तियों का व्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके और अतिक्रमण की संभावनाओं को समय रहते रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी विभाग को परिसंपत्तियों से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने में कठिनाई आती है तो संबंधित पटवारी और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक अभिलेख तैयार किए जाएं और डाटा अपडेट की प्रक्रिया पूर्ण की जाए।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपनी परिसंपत्तियों की विस्तृत सूची अपर जिलाधिकारी को भी उपलब्ध कराएं, ताकि अलग से बैठक आयोजित कर दस्तावेजों की समीक्षा और डाटा फीडिंग की प्रक्रिया को गति दी जा सके।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर जीआईएस एक्सपर्ट की नियुक्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जीआईएस आधारित मैपिंग के माध्यम से सरकारी परिसंपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे उनके संरक्षण और निगरानी में पारदर्शिता बढ़ेगी।
