हरिद्वार।
हरिद्वार के लक्सर रोड स्थित भगवतीपुरम में प्रिया पब्लिक स्कूल परिसर में न्यू हरिद्वार मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल की ओर से बाल रोग एवं दंत रोगों के लिए निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों और बच्चों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विदित गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में किए गए सर्वे के दौरान बच्चों में विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तथा लोगों में दांतों से जुड़ी बीमारियां अधिक सामने आई थीं। इन्हीं समस्याओं के समाधान और लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि कैंप में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ दंत जांच भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई। मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ-साथ रोगों से बचाव, दंत स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि कैंप का लक्ष्य एक दिन में 200 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह और उपचार उपलब्ध कराना है।
मेडिकल टीम में डॉ. मयंक पंत भी शामिल रहे। कैंप के सफल संचालन में प्रिया पब्लिक स्कूल के प्रबंधक शशि चौहान सहित अंजली, आकांक्षा, सोनल, दीपक कश्यप एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सक्रिय सहयोग दिया।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।
