देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत दो मेडिकल मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पोषण योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना, मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत संचालित मेडिकल मोबाइल वैन दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर श्रमिकों को उनके कार्यस्थल और आवास पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इन वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें निःशुल्क होंगी। साथ ही टेली-कंसल्टेशन के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और जांच के बाद तीन माह तक स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी। इसकी शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत से की जा रही है, जिसे बाद में पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के तहत हर वर्ष 210 श्रमिक परिवारों के बच्चों को आवासीय सुविधाओं सहित निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘श्रमेव जयते’ के मंत्र पर चलते हुए श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है। सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों के मातृत्व सहयोग, बेटियों के विवाह, आवास, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन और वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराने की अपील की, ताकि वे सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
