देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रादेशिक कार्यालय केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), देहरादून द्वारा बुधवार को राजभाषा हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन जीबीओ कंपाउंड, सर्वे ऑफ इंडिया, सर्वे चौक स्थित कार्यालय परिसर में किया गया।
कार्यशाला का मुख्य विषय *’राजभाषा नीति संबंधी प्रावधान एवं प्रशासनिक कार्यों में हिंदी की भूमिका’* रहा। इसका उद्देश्य सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और कर्मचारियों की प्रशासनिक दक्षता में सुधार लाना था।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व प्रबंधक राजभाषा महिमानंद भट्ट ने राष्ट्रीय हिंदी दिवस के महत्व और राजभाषा नीति पर विस्तार से व्याख्यान दिया। उन्होंने दो सत्रों में प्रशासनिक पत्राचार, नोटिंग, ड्राफ्टिंग और डिजिटल माध्यमों में हिंदी के प्रभावी उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पत्राचार और फाइल नोटिंग में राजभाषा का सरल रूप अपनाना जरूरी है और हमें बिना झिझक के दैनिक सरकारी कामकाज में हिंदी को प्राथमिकता देनी चाहिए।
वहीं पीआईबी देहरादून के मीडिया एवं संचार अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में आधुनिक तकनीकों की मदद से सरकारी कार्यों में हिंदी का प्रतिशत तेजी से बढ़ाया जा सकता है।
कार्यशाला में यह भी जानकारी दी गई कि हिंदी पखवाड़े के तहत सीबीसी और पीआईबी देहरादून के कर्मचारियों के लिए टाइपिंग, टिप्पणी और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो और पीआईबी देहरादून के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
