Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपना जन्मदिवस बेहद खास अंदाज में मनाया। वे देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचे और वहां अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के बीच केक काटा।
सीएम को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्यमंत्री ने हर बच्चे से आत्मीयता से मुलाकात की, उनसे बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान संस्थान का माहौल खुशियों और अपनत्व से भर गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। हर बच्चे में अपार प्रतिभा होती है, बस उन्हें अवसर और विश्वास देने की जरूरत है। दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सीएम ने कहा कि बच्चों का यह स्नेह और उनके चेहरों की मुस्कान ही उनके लिए सबसे बड़ा जन्मदिन का तोहफा है।
इस अवसर पर उनकी पत्नी गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक-गण मौजूद रहे।
