प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन में तेजी लाने के निर्देश

नई टिहरी। जिले में पुनर्वासन से जुड़े मामलों को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक में घनसाली, बालगंगा और टिहरी तहसील के विभिन्न गांवों के प्रभावित परिवारों के मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पात्र परिवारों को समय पर पुनर्वासन की सुविधा देने और लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए।

बैठक में घनसाली तहसील के कंडार मल्ला गांव के तीन परिवारों के पुनर्वासन मामले रखे गए। भू-विज्ञानी की रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मामलों पर सहमति जताते हुए परिवारों को पहली किश्त जारी करने के निर्देश दिए।

इसी तरह गवाणा मल्ला और अक्वाण गांव के एक-एक परिवार के मामलों में भी भू-विज्ञानी की रिपोर्ट समिति के सामने रखी गई। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में भी प्रथम किश्त जारी करने के निर्देश दिए।

बालगंगा तहसील के गेंवाली और टिहरी तहसील के पलेथ गांव के प्रभावित परिवारों के मामलों की भी समीक्षा की गई। पलेथ गांव में पुनर्वासन के लिए चिन्हित 22 परिवारों में से 21 का पुनर्वासन पूरा हो चुका है। एक परिवार के भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया अभी चल रही है। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को इस मामले में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

धनौल्टी के सभी 20 परिवारों का पुनर्वासन पूरा

बैठक में धनौल्टी तहसील के 20 विस्थापित परिवारों की स्थिति की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी परिवारों को पुनर्वासन के लिए निर्धारित पहली और दूसरी किश्त की पूरी धनराशि जारी की जा चुकी है और सभी 20 परिवारों का पुनर्वासन पूरा हो गया है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वासन से जुड़े जो भी मामले लंबित हैं, उनमें जरूरी कार्रवाई तय समय के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को शासन के प्रावधानों के अनुसार पुनर्वासन की सुविधा समय पर मिलनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *