हरिद्वार। मानसून और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। भीमगोड़ा बैराज कॉलोनी स्थित कंट्रोल रूम को 24 घंटे संचालित किया जा रहा है, जहां से पूरे मानसून सीजन के दौरान गंगा के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि विभाग का संपर्क देवप्रयाग, टिहरी डैम, मनेरी भाली और श्रीनगर डैम सहित विभिन्न जल परियोजनाओं से लगातार बना हुआ है। जलस्तर और पानी छोड़े जाने की सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान किया जा रहा है, ताकि हरिद्वार और निचले क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान करीब 100 कर्मचारी विभिन्न जिम्मेदारियों के साथ तैनात रहेंगे। सभी फ्लड प्रोटेक्शन कार्य पूरे कर लिए गए हैं और कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय है। बैराज परिसर में लगाई गई बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जलस्तर, चेतावनी और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी।
विकास त्यागी ने बताया कि गंगा किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए अलार्म सिस्टम भी स्थापित किया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तुरंत सतर्क किया जा सके। उन्होंने कहा कि फिलहाल गंगा का जलस्तर सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग संयुक्त रूप से हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
