देहरादून में यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने को डीएम सख्त, माइक्रो लेवल प्लान तैयार करने के निर्देश

 

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मोबिलिटी प्लान के तहत शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग सुविधाओं और लंबित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को माइक्रो लेवल प्लान तैयार कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

 

बैठक में आढ़त बाजार क्षेत्र में यातायात सुधार, जंक्शन इम्प्रूवमेंट, इंदिरा मार्केट पुनर्विकास, मंडी शिफ्टिंग, परेड ग्राउंड पार्किंग, रामराय पार्किंग और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने प्रमुख चौराहों के सुधारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

इंदिरा मार्केट में निर्माणाधीन 1050 वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए एमडीडीए को संबंधित कार्यदायी संस्था के साथ बैठक कर निर्माण कार्य में तेजी लाने और विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने पार्किंग स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया, ताकि शहर में जाम की समस्या कम हो सके।

 

नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत जिलाधिकारी ने पुलिस, नगर निगम और संबंधित विभागों को प्रदूषण नियंत्रण, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और सार्वजनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी शिफ्टिंग, आढ़त बाजार सड़क सुधार और अन्य लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात, एमडीडीए, नगर निगम, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *