देहरादून। उत्तराखंड के मुनिकीरेती में प्रस्तावित शिवालिक बायोडायवर्सिटी (इको) पार्क को प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण आधारित पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में वन विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में पार्क के निर्माण, विकास, वित्तीय प्रबंधन और भविष्य में आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्क का विकास इस तरह किया जाए कि इसमें सिविल निर्माण कार्य न्यूनतम हों और प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता तथा पारिस्थितिक संतुलन से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ किए बिना होगा विकास
प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने कहा कि शिवालिक बायोडायवर्सिटी पार्क का मूल उद्देश्य प्राकृतिक परिवेश का संरक्षण करते हुए जैव विविधता को अधिक से अधिक विकसित करना होना चाहिए। इसके लिए अनावश्यक निर्माण कार्यों से बचते हुए उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और विशेषताओं का अधिकतम उपयोग किया जाए।
उन्होंने कहा कि इससे पार्क की नैसर्गिक सुंदरता बरकरार रहेगी और निर्माण पर होने वाले अनावश्यक खर्च को भी कम किया जा सकेगा।
पर्यटन गतिविधियों से आत्मनिर्भर बनेगा पार्क
प्रमुख सचिव ने परियोजना के लिए प्रभावी और दूरदर्शी वित्तीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कम से कम खर्च में अधिकतम परिणाम प्राप्त करने के उद्देश्य से कार्ययोजना तैयार की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क को आकर्षक पर्यटन एवं प्रकृति आधारित गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक और आगंतुक यहां पहुंचें। साथ ही राजस्व अर्जन के संभावित स्रोतों की पहचान कर ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे भविष्य में पार्क अपने संचालन और रखरखाव का खर्च स्वयं वहन कर सके।
दो चरणों में होगा 100 करोड़ की परियोजना का विकास
बैठक में शिवालिक बायोडायवर्सिटी पार्क को दो चरणों में विकसित करने के निर्देश दिए गए।
प्रथम चरण : 50 करोड़ रुपये
पहले चरण में 50 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य पार्क को आकर्षक, पर्यटकों के लिए सुविधाजनक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना होगा। इसके तहत ऐसी सुविधाओं और गतिविधियों का विकास किया जाएगा, जिनसे पार्क स्वयं राजस्व अर्जित कर सके।
द्वितीय चरण : अतिरिक्त 50 करोड़ रुपये
प्रथम चरण के अनुभव और सफलता के आधार पर दूसरे चरण की योजना तैयार की जाएगी। इसके तहत 50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि से पार्क का विस्तार और विकास करते हुए इसे और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान किया जा सकेगा।
पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास पर रहेगा फोकस
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना की कार्ययोजना तैयार करते समय जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरणीय संवेदनशीलता, प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटक आकर्षण और दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि शिवालिक बायोडायवर्सिटी पार्क का विकास एक ऐसे मॉडल के रूप में होना चाहिए, जहां प्रकृति का संरक्षण और पर्यटन का विकास एक-दूसरे के पूरक बनें। इससे न केवल क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मुनिकीरेती को प्रकृति आधारित पर्यटन के एक नए केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
