Dehradun: मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर पात्र नागरिकों, विशेषकर युवा एवं पहली बार मतदान के लिए पात्र होने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। सूची पर 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि 04 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

उन्होंने बताया कि 04 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान 16,316 पुरुष, 19,563 महिला एवं 04 ट्रांसजेंडर सहित कुल 35,883 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। वहीं, 961 पुरुष, 969 महिला एवं 04 ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,934 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी के अनुसार, 03 अक्टूबर 2026 से पूर्व जनपद में कुल 11,94,797 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण अभियान के बाद 12 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में 6,32,396 पुरुष, 5,96,300 महिला एवं 50 ट्रांसजेंडर सहित कुल 12,28,746 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 9,263 सर्विस मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 8,776 पुरुष एवं 487 महिला मतदाता शामिल हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता बढ़ाने और ईवीएम से मतदान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में एफएलसी के उपरांत 123 ईवीएम मशीनें भेजी गई हैं।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया, ताकि आम मतदाता ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया को समझ सकें और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
