Your Website Description

UPES और RBI ने डिजिटल बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता पर आयोजित की कार्यशाला, 120 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा

देहरादून। डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग और साइबर धोखाधड़ी के मामलों के बीच युवाओं को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने के उद्देश्य से यूपीईएस (UPES) के स्कूल ऑफ लॉ ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के सहयोग से बैंकिंग रेगुलेशन्स और डिजिटल फाइनेंशियल लिटरेसी पर कार्यशाला आयोजित की। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यशाला में 120 से अधिक छात्रों ने प्रतिभाग किया।

कार्यशाला में वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग, साइबर फ्रॉड से बचाव और बैंकिंग उपभोक्ताओं के अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की।

डिजिटल बैंकिंग में सतर्कता और जागरूकता जरूरी : भरत राज आनंद

कार्यक्रम में आरबीआई देहरादून के फाइनेंशियल इन्क्लूजन एंड डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के मैनेजर भरत राज आनंद ने कहा कि डिजिटल बैंकिंग का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति के लिए बैंकिंग सेवाओं का जिम्मेदारी और सावधानी के साथ इस्तेमाल करना जरूरी है। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए वित्तीय जागरूकता और सतर्कता को महत्वपूर्ण बताया।

छात्रों को बताए आरबीआई के कार्य और उपभोक्ता अधिकार

आरबीआई देहरादून की असिस्टेंट जनरल मैनेजर रचना यादव ने एक विशेष सत्र के माध्यम से भारतीय रिजर्व बैंक के विभिन्न कार्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी।

वहीं, आरबीआई देहरादून के असिस्टेंट जनरल मैनेजर, डिप्टी ओम्बड्समैन एवं सचिव अमित राणा ने छात्रों को रिजर्व बैंक-इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम (RB-IOS) के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं से संबंधित शिकायतों के समाधान और उपभोक्ताओं के अधिकारों की जानकारी साझा की।

वित्तीय साक्षरता केवल पैसों की समझ नहीं : प्रो. नवनीत विभव

कार्यशाला में यूपीईएस स्कूल ऑफ लॉ के डायरेक्टर एवं हेड प्रो. नवनीत विभव और असिस्टेंट प्रोफेसर एवं कार्यशाला समन्वयक डॉ. दिव्या द्विवेदी ने भी वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग और बैंकिंग उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर प्रो. नवनीत विभव ने कहा कि आज वित्तीय साक्षरता केवल पैसों की समझ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका अर्थ सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेना, संभावित जोखिमों को पहचानना और एक बैंकिंग उपभोक्ता के रूप में अपने अधिकारों की जानकारी रखना भी है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की वित्तीय चुनौतियों को समझने और जिम्मेदार बैंकिंग व्यवहार अपनाने में मदद करती हैं।

कार्यशाला के माध्यम से छात्रों को डिजिटल वित्तीय सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने, साइबर धोखाधड़ी के जोखिमों को पहचानने और बैंकिंग से जुड़ी शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया समझने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *