टिहरी। जनपद मुख्यालय स्थित बोराड़ी के ऐतिहासिक श्रीदेव सुमन पुस्तकालय की दशा और दिशा जल्द ही सुधरने वाली है। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने सोमवार को पुस्तकालय का औचक निरीक्षण कर इसकी व्यवस्थाओं को आधुनिक और पाठक-सुलभ बनाने के कड़े निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में उपलब्ध लगभग 20 हजार अतिरिक्त पुस्तकों के रखरखाव पर विशेष चिंता जताई।
उन्होंने इन पुस्तकों को सुव्यवस्थित करने और बेशकीमती किताबों को दीमक से बचाने के लिए तत्काल स्प्रे कराने के आदेश दिए। साथ ही, आधुनिक दौर की जरूरतों को देखते हुए पुस्तकों के डिजिटाइजेशन और बार-कोडिंग व्यवस्था को लागू करने को कहा, ताकि पाठक डिजिटल सर्च के माध्यम से आसानी से अपनी मनचाही पुस्तक खोज सकें। उन्होंने सुझाव दिया कि आवश्यकता से अधिक पुस्तकों को ब्लॉक स्तर की लाइब्रेरियों में भेज दिया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र भी इनका लाभ उठा सकें।
पुस्तकालय में मौजूद दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण को लेकर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पांडुलिपियों को एक पृथक कक्ष में सुरक्षित रखा जाए और उनका उचित डिस्प्ले और कैटलॉगिंग की जाए, जिससे शोधार्थियों और जिज्ञासुओं को इनका लाभ मिल सके।
पुस्तकालय के विस्तार की संभावनाओं को तलाशते हुए उन्होंने परिसर के बाहर लंबे समय से बंद पड़ी दुकानों को पुस्तकालय में समायोजित करने के निर्देश दिए, जिससे पाठकों के लिए अधिक स्थान उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी से ड्रेनेज की डीपीआर की जानकारी ली और परिसर में पड़े स्क्रैप को एक माह के भीतर नीलाम करने का अल्टीमेटम दिया।
