श्रीनगर। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में पौड़ीखाल-वाडियो से डांडा होते हुए सांदनाणाकोट तक चार किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। सड़क निर्माण के द्वितीय चरण का शिलान्यास रविवार को देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने किया। इस सड़क के निर्माण के लिए 139.45 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है।
मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ ही कई गांव मुख्य मार्गों से जुड़ सकेंगे। सड़क बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने और समय की बचत होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क प्राथमिकता
विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विकास कार्य लगातार जारी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष पिंकी लिंगवाल, मंडल महामंत्री सरोज थपलियाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
