खिर्सू के कटाखोली गांव में कैबिनेट मंत्री ने किया स्मृति द्वार का उद्घाटन, श्रीमद्भागवत कथा में भी हुए शामिल
श्रीनगर। खिर्सू विकासखंड के ग्राम कटाखोली में रविवार को देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद राइफलमैन लोकेन्द्र प्रताप की स्मृति में निर्मित स्मृति द्वार का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने किया।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने शहीद लोकेन्द्र प्रताप के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान देशवासियों और आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद लोकेन्द्र प्रताप का त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण उत्तराखंड की वीरभूमि की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।
श्रीमद्भागवत कथा में भी हुए शामिल
डॉ. धन सिंह रावत ने ग्राम कटाखोली में शहीद लोकेन्द्र प्रताप की स्मृति में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान सप्ताह में भी श्रद्धापूर्वक प्रतिभाग किया। उन्होंने कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक एवं धार्मिक अनुभूति प्राप्त की और शहीद के परिजनों तथा ग्रामीणों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि शहीद की स्मृति में बनाया गया यह स्मृति द्वार उनके बलिदान की गौरवगाथा को हमेशा जीवंत रखेगा और युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
कमलेश्वर महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक
कार्यक्रम से पहले कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा पौड़ी जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, खिर्सू मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला, ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शहीद के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
