श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में रविवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के निर्देश और कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान का उद्घाटन कार्यवाहक कुलपति प्रो. एनएस पंवार ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक कुलपति प्रो. पंवार ने कहा कि अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसरों में तिरंगा रैली समेत विभिन्न जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
नोडल अधिकारी एवं पृथ्वी विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. महाबीर सिंह नेगी ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएगा। छात्रसंघ अध्यक्ष महिपाल सिंह बिष्ट ने भी विद्यार्थियों से अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
12 और 15 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली
नोडल अधिकारी प्रो. एमएस नेगी ने बताया कि 12 अगस्त को चौरास और 15 अगस्त को बिड़ला परिसर में सुबह 7:30 बजे तिरंगा रैली निकाली जाएगी। वहीं 13 अगस्त को तिरंगा बाइक रैली, भूगोल विभाग चौरास में क्विज तथा प्रशासनिक भवन श्रीनगर के खेल मैदान में वॉलीबॉल और रस्साकशी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
14 अगस्त को बिड़ला परिसर में रंगोली एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के साथ देशभक्ति संगीत कार्यक्रम होगा।
इनको मिली अलग-अलग जिम्मेदारियां
तिरंगा रैली की जिम्मेदारी डॉ. राकेश नेगी, डॉ. सुरेंद्र बिष्ट, डॉ. रजनी नौटियाल और डॉ. सुरेंद्र कुंवर को दी गई है। बाइक रैली का जिम्मा डॉ. गांधी चौहान, हेम जोशी और छात्रसंघ प्रतिनिधियों को सौंपा गया है।
क्विज के संयोजक डॉ. नरेंद्र कुमार और डॉ. कौशल होंगे, जबकि खेलकूद प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारी डॉ. मोहित बिष्ट और डॉ. गुरदीप सिंह को दी गई है। रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. नेहा मर्तोलिया और संगीत कार्यक्रम के संयोजक डॉ. जोशी होंगे।
अभियान के मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी डॉ. कपिल पंवार, डॉ. साकेत भारद्वाज, जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा और राजेंद्र सिंह नेगी को सौंपी गई है।
