15 साल बाद निकली मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा, जयकारों से गूंजा मैखंडा

रुद्रप्रयाग। नौजुला मैखंडा की आराध्य सिद्धपीठ मां महिष मर्दिनी की बहुप्रतीक्षित देवरा यात्रा का रविवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। करीब 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद मां की उत्सव डोली के देवरा यात्रा पर निकलने से पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल बन गया। हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-दमाऊं और मां के जयकारों से मैखंडा भक्तिमय हो उठा।

शुभ मुहूर्त में मंदिर से बाहर आई डोली

रविवार सुबह विद्वान आचार्यों और मंदिर पुजारियों ने वेद मंत्रोच्चार के बीच मां की विशेष पूजा-अर्चना शुरू की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। करीब साढ़े 11 बजे शुभ मुहूर्त में मां की उत्सव डोली मंदिर सभामंडप से बाहर आई।

डोली ने मंदिर की परिक्रमा की तो मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।

प्राचीन झूले पर मां की डोली ने किया नृत्य

मंदिर की परिक्रमा के दौरान मां की उत्सव डोली प्राचीन पौराणिक झूले के पास पहुंची। इस दौरान डोली ने चारों ओर नृत्य किया तो श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। देव पाश्र्वाओं ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया और परंपरागत धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां को अर्घ्य अर्पित किया गया।

पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद मां की उत्सव डोली थाती मैखंडा के लिए रवाना हुई, जहां रविवार रात डोली का विश्राम होगा।

गांव-गांव भ्रमण करेगी मां की डोली

मंदिर के पुजारी ओम प्रकाश सेमवाल ने बताया कि देवरा यात्रा के शुभारंभ से पहले दो दिनों तक मां की विशेष पूजा-अर्चना की गई। रविवार सुबह शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजन के बाद उत्सव डोली को मंदिर से बाहर लाया गया। देव पाश्र्वाओं से आदेश प्राप्त होने के बाद डोली को देवरा यात्रा के लिए रवाना किया गया।

उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह पूजा-अर्चना के बाद मां की डोली देवरा यात्रा के पहले पड़ाव खड़िया गांव के लिए प्रस्थान करेगी। देवरा यात्रा के दौरान मां की उत्सव डोली क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देगी। इसके बाद डोली केदारनाथ धाम के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाएगी।

15 वर्ष बाद शुरू हुई इस धार्मिक यात्रा को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है।

मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए 7 लाख रुपये की घोषणा

देवरा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर पहुंचीं केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत ने मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।

दोनों घोषणाओं के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण से सिद्धपीठ में आने वाले श्रद्धालुओं को भविष्य में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *