देहरादून। UJVN Limited के मुख्यालय उज्ज्वल भवन स्थित परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में Institute for Social Reforms and Higher Education Charitable Trust (ISRHE) द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को “भारत श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार–2026” से सम्मानित किया गया।
ISRHE एक राष्ट्रीय स्तर की सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था है, जो शिक्षा, सामाजिक सुधार, महिला एवं बाल सशक्तिकरण, अनुसंधान, स्वास्थ्य तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्यरत है।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल (वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड), अतिविशिष्ट अतिथि सविता कपूर (विधायक, कैंट विधानसभा), विशिष्ट अतिथि डॉ. संदीप सिंघल (प्रबंध निदेशक, यूजेवीएन लिमिटेड) तथा नरेंद्र सिंह चौहान (पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियर्स इंडिया) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

2047 तक आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य
मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्तमान युग सूचना प्रौद्योगिकी और तकनीकी दक्षता का है तथा पूर्ण विकसित राष्ट्र बनने के लिए नई तकनीकों और नवाचारों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध अर्थव्यवस्था में परिवर्तित करना है, जिसे आर्थिक विकास, तकनीकी उन्नयन, सामाजिक सशक्तिकरण और स्थिरता के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए ऐसे आयोजनों को प्रेरणादायक बताया।
समाज में सकारात्मक सोच का विस्तार
विधायक सविता कपूर ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इससे युवाओं को प्रेरणा मिलती है और समाज में सकारात्मक सोच का विस्तार होता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

2030 तक ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का लक्ष्य
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल ने कहा कि निगम उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है और बेहतर कार्ययोजना, नवीन तकनीकों तथा कुशल प्रबंधन के बल पर वर्ष 2030 तक ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ निगम सामाजिक और राष्ट्रीय हित के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
प्रतिभाओं को मिला राष्ट्रीय मंच
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना समग्र विकास के लिए आवश्यक है। ISRHE द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना सराहनीय पहल है।

कार्यक्रम में डॉ. एन. के. यादव, इंजीनियर एच. के. उप्रेती, डॉ. प्रशांत अग्रवाल, संस्था के अध्यक्ष डॉ. अतुल शर्मा एवं सचिव डॉ. रेशु गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर देशभर से आए शिक्षा, सामाजिक सेवा, उद्योग, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों, नैतिक नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित किया गया।

