हरिद्वार में शिवभक्तों को बड़ी राहत, बाइक पार्किंग पूरी तरह निशुल्क; 3-4 लाख दोपहिया वाहन पहुंचने का अनुमान

 

रिपोर्ट: नवीन बधानी

 

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार पहुंच रहे शिवभक्तों को जिला प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। बाइक से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में निशुल्क दोपहिया वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग के समन्वय से पार्किंग व्यवस्था संचालित की जा रही है।

 

एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम लगातार मौके पर तैनात है और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटी हुई है। विभागीय कर्मचारियों की ओर से श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराया जा रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

 

3 से 4 लाख दोपहिया वाहनों के पहुंचने का अनुमान

 

एआरटीओ नेहा झा ने बताया कि बड़ी संख्या में बाइक सवार शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं। अब तक करीब 3 से 4 लाख दोपहिया वाहनों के पार्किंग क्षेत्र में पहुंचने का अनुमान है। कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

 

तेज धूप और गर्मी के बावजूद परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी दिनभर मौके पर डटे हुए हैं। वाहन पार्किंग के साथ-साथ यातायात व्यवस्था बनाए रखने और शिवभक्तों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का काम भी लगातार किया जा रहा है।

 

पहली बार पार्किंग के लिए नहीं देना पड़ा शुल्क

 

निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था से श्रद्धालुओं में भी खुशी है। एक शिवभक्त ने कहा, “इस बार मुझे पहली बार ऐसी व्यवस्था देखने को मिली है कि हरिद्वार में बाइक पार्किंग के लिए मुझे कोई शुल्क नहीं देना पड़ा। प्रशासन की यह पहल काफी राहत देने वाली है।”

 

श्रद्धालुओं का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में बाइक से हरिद्वार पहुंचने वाले लोगों के लिए निशुल्क पार्किंग की सुविधा बेहद उपयोगी साबित हो रही है।

 

एआरटीओ नेहा झा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य हरिद्वार आने वाले शिवभक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें वाहन पार्किंग को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो। निशुल्क पार्किंग व्यवस्था से बड़ी संख्या में बाइक से आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *