चिन्यालीसौड़। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवमयी अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शक्तिपुरम चिन्यालीसौड़ में शुक्रवार को ‘नमामि भारतम्—वंदे मातरम्’ सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, आचार्यगण, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष/पर्यवेक्षक मारकण्डेय प्रसाद नौटियाल, सत्यापन प्रमाण पत्र अधिकारी अन्नराज भंडारी, साक्षी प्रमाण पत्र अधिकारी मनीष खुल्बे, मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री राम सुंदर नौटियाल, विशिष्ट अतिथि विपिन थपलियाल तथा मुख्य वक्ता मुकेश चंद्र रमोला की गरिमामयी उपस्थिति रही।
एक स्वर में गूंजा वंदे मातरम्
निर्धारित समय पर विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं और उपस्थित अतिथियों ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गुंजायमान रहा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर का माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों और क्षेत्र के नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।

राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का संदेश
विद्यालय के प्रधानाचार्य नत्थी लाल बंगवाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के सामूहिक आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम युवा पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने भी विद्यार्थियों की सहभागिता और अनुशासन की सराहना की। आयोजन का समापन राष्ट्रभक्ति और एकता के संदेश के साथ हुआ।
