टिहरी। भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री एवं जनपद टिहरी गढ़वाल के मूल निवासी मुलायम सिंह रावत के टिहरी आगमन पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जैसे ही उनका काफिला जिले की सीमाओं में पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर फूलमालाओं से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। युवाओं ने इस अवसर को संगठन के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि जब किसी युवा कार्यकर्ता को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी जाती है, तो इससे संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।
कंडीसौड़, चंबा, बादशाहीथौल और नई टिहरी में मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौरव गुसाईं के नेतृत्व में युवाओं ने मुलायम सिंह रावत का भव्य स्वागत किया। इसके बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष उदय रावत ने प्रदेश महामंत्री बनने पर उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि पार्टी हित में समर्पित रूप से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन हमेशा आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है।
अपने संबोधन में मुलायम सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार युवा मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने अब तक 26 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं, जबकि नकल माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर फिर से धामी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरे जोश और निष्ठा के साथ कार्य करें।
