कर्णप्रयाग (चमोली): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विकासखंड कर्णप्रयाग की न्याय पंचायत झिरकोटी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सोहन सिंह रांगण ने की।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, कृषि, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई और समस्याओं का समाधान किया गया।

इस दौरान कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 52 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने शिविर को जनहित में सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सरकारी योजनाएं सीधे आमजन तक पहुंच रही हैं। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
