पीपलकोटी में बढ़ते नशे के खिलाफ जनप्रतिनिधियों का प्रदर्शन, एसपी को सौंपा ज्ञापन

चमोली/पीपलकोटी: नगर पंचायत पीपलकोटी और आसपास के गांवों में बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई, क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और नशामुक्ति के लिए जनजागरण अभियान चलाने की मांग की।

जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र में शराब और नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे अपराध बढ़ रहे हैं और युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है। नाबालिगों को शराब बेचे जाने और ड्रग्स के सेवन की शिकायतें भी सामने आई हैं। हाल ही में गणतंत्र दिवस पर एक स्कूली छात्र के साथ हुई मारपीट का मामला भी उठाया गया।

नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी और राकेश नवानी ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को शराब बेचने वालों पर ठेका मालिकों सहित सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में अनिल जोशी, दीपक राणा, सूरज सैलानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *