टिहरी। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में शनिवार को ऋषिकेश स्थित नटराज होटल में उत्तराखंड मानव सेवा समिति द्वारा आयोजित ‘उत्तराखंड उत्कृष्टता पुरस्कार-2025’ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए विद्यार्थियों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि करियर निर्माण के लिए सबसे पहले यह तय करें कि आप क्या करना चाहते हैं और उस पर दृढ़ता से डटे रहें। अपनी अंतरात्मा की आवाज़ को सुनें, खुद को विकसित करें और कठिनाइयों का सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहें।
समिति के अध्यक्ष बी.एन. शर्मा ने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए बताया कि आईएसएसए फाउंडेशन पहले धार्मिक और गौसेवा के क्षेत्र में कार्यरत थी, लेकिन कोविड-19 के बाद से संस्था बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में भी सक्रिय हो गई है। उन्होंने कहा कि संस्था आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
आईएसएसए फाउंडेशन के अध्यक्ष इंद्रजीत नेगी ने कहा कि वे उत्तराखंड के मेधावी बच्चों से मिलकर उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन के ‘सक्षम प्रोग्राम’ के अंतर्गत जरूरतमंद विद्यार्थियों की संपूर्ण फीस वहन की जाती है। इसके साथ ही यूसीओएसटी के सहयोग से जल्द ही मेंटर-मेंटी प्रोग्राम तथा कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग शुरू की जाएगी। साथ ही आने वाले समय में विद्यालयों को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
