कौशल विकास और वैश्विक रोजगार समीक्षा बैठक, नर्सिंग, आईटीआई और पॉलिटेक्निक विद्यार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए

मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना से अब तक 37 युवा जापान में पा चुके हैं रोजगार

 टिहरी। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 23 अगस्त को विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने की।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला सेवायोजन अधिकारी को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक युवाओं तक रोजगारपरक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए नियमित शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थियों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। सीडीओ ने यह भी कहा कि “इंडिया स्किल्स युवाओं को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर देता है।

बैठक के दौरान जिला सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव ने योजना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा 9 नवम्बर 2022 को की गई थी। इस योजना के अंतर्गत उत्तराखंड में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा विदेश रोजगार प्रकोष्ठ की स्थापना आईटीआई शंकरपुर, सहसपुर में की गई है। अब तक इस योजना से 37 प्रशिक्षणार्थियों को जापान में रोजगार प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ केवल उत्तराखंड के मूल निवासी उठा सकते हैं। प्रशिक्षण लागत का 20 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है, वहीं प्रशिक्षण हेतु उपलब्ध ऋण सुविधा पर लगने वाले ब्याज का 75 प्रतिशत भुगतान भी राज्य सरकार करती है। प्रशिक्षण अवधि में अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था भी की जाती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *