15 अक्टूबर के बाद कभी भी सड़क से निकलूंगा, गड्ढे मिले तो खैर नहीं: CM धामी ने अफसरों को दी चेतावनी

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक में अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर के बाद वे कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर औचक निरीक्षण करेंगे।

सीएम ने कहा कि मानसून में टूटी सड़कों की मरम्मत में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी अपने जिलों में सड़कों की नियमित समीक्षा करें। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

सीएम की इस चेतावनी के बाद PWD और NH विभाग में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि पिछले साल भी CM के औचक निरीक्षण में कई सड़कों की खराब गुणवत्ता सामने आई थी, जिसके बाद कई इंजीनियरों पर कार्रवाई हुई थी।

चारधाम यात्रा पर सीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता की नियमित निगरानी हो। सभी डीएम आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें।

इसके अलावा सीएम ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को और प्रभावी बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि शिविरों में लोगों को योजनाओं का लाभ मिले और समस्याओं का मौके पर समाधान हो। साथ ही स्वाइन फ्लू और जलजनित रोगों को लेकर भी सीएम गंभीर दिखे।

उन्होंने डीएम को अस्पतालों का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता चेक करने को कहा है, क्योंकि बरसात के बाद पहाड़ी जिलों में इन बीमारियों के केस बढ़ जाते हैं।बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल फैनई, डीजीपी दीपम सेठ सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *