ऋषिकेश। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर उत्तराखंड में सियासत गरमा गई है। भाजपा विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने राहुल गांधी की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड के लोग आहत हुए हैं। उन्होंने इसे प्रदेश की अस्मिता से जुड़ा मुद्दा बताया और कहा कि राज्य की जनता इस मामले को गंभीरता से ले रही है।

बुधवार को रेलवे रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी सेना के शौर्य और सैन्य कार्रवाई को लेकर सवाल उठा चुके हैं। उनके मुताबिक, सेना के पराक्रम के सबूत मांगना और उस पर सवाल खड़े करना कांग्रेस नेता की कार्यशैली का हिस्सा बन गया है।
‘अजीत डोभाल पर टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत’
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल देश की सुरक्षा और सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण पद पर हैं। उत्तराखंड के लोग उन पर गर्व करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की टिप्पणी ने राज्य के लोगों की भावनाओं को आहत किया है।
अग्रवाल ने कहा कि सेना की स्ट्राइक को लेकर भी राहुल गांधी सवाल उठा चुके हैं। अब राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पर टिप्पणी कर उन्होंने सारी सीमाएं पार कर दी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग इस तरह की टिप्पणियों को स्वीकार नहीं करेंगे।
‘यह चुनावी लाभ नहीं, प्रदेश की अस्मिता का सवाल’
प्रेसवार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को चुनावी लाभ के नजरिये से नहीं देख रही है। उनके अनुसार, यह उत्तराखंड की अस्मिता और प्रदेशवासियों की भावनाओं से जुड़ा विषय है। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर जनता के सवालों का सामना करना पड़ सकता है।

भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद
रेलवे रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, दीपक धमीजा, कौशल बिजल्वाण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
