देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी विकास, पेयजल और लोक निर्माण विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं को संस्तुति प्रदान की गई।
बैठक में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत नीलकंठ महादेव और रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण कार्य को मंजूरी दी गई। नीलकंठ महादेव पार्किंग की लागत 5183.65 लाख रुपये तथा रामनगर पार्किंग की लागत 3857.64 लाख रुपये निर्धारित की गई है। मुख्य सचिव ने निर्माण कार्य में पार्किंग गाइडलाइंस के अनुपालन, टर्निंग रेडियस और अन्य तकनीकी पहलुओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही नीलकंठ महादेव में जियोटेक्निकल सर्वे और भवन के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया।
पेयजल विभाग की चार परियोजनाओं को भी समिति ने स्वीकृति दी, जिनमें पीपलकोटी, तिलवाड़ा और ऊखीमठ नगर पंचायतों की पेयजल योजनाएं तथा लालकुआं नगर पंचायत की सीवरलाइन परियोजना शामिल हैं। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल योजनाओं में मीटर लगाए जाने और सीवरलाइन परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत काठगोदाम बाईपास मार्ग परियोजना को भी मंजूरी दी गई। इस परियोजना में राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत 3.5 किलोमीटर सड़क निर्माण और 75 मीटर स्पान का सेतु निर्माण किया जाएगा, जिसकी कुल लागत 1177.93 लाख रुपये है।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण किया जाए।
