देहरादून। चैत्र नवरात्रि की प्रतिपदा के अवसर पर मां डाट काली मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा।
प्रातः 7 बजे से माता रानी का भव्य श्रृंगार प्रारंभ किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इसके बाद महंत रमन प्रसाद गोस्वामी के ज्येष्ठ पुत्र शुभम गोस्वामी और कनिष्ठ पुत्र संयम गोस्वामी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर सभी भक्तों के लिए सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।

पूजा-अर्चना का संचालन पंडित अनूप ममगाई, पंडित शैलेंद्र थपलियाल और पंडित प्रवीण जुयाल द्वारा विधि-विधान से किया गया। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए।
मंदिर के सेवादार गौरव कुमार ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, माता की चौकी और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। नवमी के दिन हवन-पूजन के साथ नवरात्रि का समापन किया जाएगा।
इस अवसर पर सेवा दल के कई सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
