देहरादून: विकासखंड कालसी स्थित ग्राम पंचायत खाड़ी के खेल मैदान लखवाड़ में शुक्रवार को ‘‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेष भूमि-अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण किया और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया।
शिविर में कुल 615 ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला। ग्रामीणों ने 56 शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिनमें सबसे अधिक 15 शिकायतें लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई की सड़कों, 12 लघु सिंचाई नहर/नलकूप, 10 पेयजल, 9 राजस्व और 3 विद्युत विभाग से संबंधित थीं। शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन से 2-2 तथा वन विभाग से 1 शिकायत दर्ज की गई।

स्वास्थ्य विभाग ने एलोपैथिक में 242 और आयुर्वेदिक में 113 व्यक्तियों की निःशुल्क जांच कर औषधियाँ वितरित की। शिविर में 5 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए, 50 आयुष्मान और 40 आधार कार्ड अपडेट किए गए। पशुपालन विभाग ने 34 पशुपालकों को औषधियाँ वितरित की।
राजस्व विभाग ने 18 खाता-खतौनी, आय एवं स्थायी प्रमाण पत्र जारी किए। कृषि विभाग ने 30 और उद्यान विभाग ने 45 कृषकों को लाभान्वित किया। समाज कल्याण विभाग ने 4 पेंशन ऑनलाइन स्वीकृत की, ग्राम्य विकास विभाग ने 2, महिला सशक्तिकरण 10 और जिला पूर्ति विभाग ने 49 राशन कार्ड में यूनिट वृद्धि और ई-केवाईसी कराई। अन्य विभागों ने बिजली बिल, सेवायोजन, पंचायती राज और प्रचार सामग्री का वितरण किया।

शिविर में ब्लाक प्रमुख सावित्री चौहान, मंडल अध्यक्ष प्रदीप वर्मा, ब्लाक समन्वयक दिनेश तोमर, ग्राम प्रधान जितेन्द्र सिंह तोमर, तहसीलदार सुशीला कौटियाल, खंड विकास अधिकारी जगत सिंह, सहायक विकास अधिकारी धर्मपाल सिंह तेजवान सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
