बालिका इंटर कॉलेज कोटी कनासर में नई एसएमडीसी कार्यकारिणी का गठन

चकराता। विकास खंड चकराता के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कोटी कनासर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रथम शिक्षक-अभिभावक संघ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं के सर्वांगीण विकास और विद्यालय की भावी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पुरानी एसएमडीसी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया।

बैठक की अध्यक्षता शिक्षक-अभिभावक संघ अध्यक्ष देवी सिंह राणा ने की। सर्वसम्मति से ग्राम कोटी कनासर निवासी लक्ष्मी राणा को विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) की नई अध्यक्षा चुना गया। प्रधानाचार्या सपना तोमर ने नव निर्वाचित अध्यक्षा का माला पहनाकर स्वागत किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। बैठक में विद्यालय विकास, पाठ्यक्रम संचालन, अतिरिक्त शिक्षण गतिविधियों, छात्राओं के अनुशासन, मानसिक स्वास्थ्य तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रधानाचार्या सपना तोमर ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि जुलाई 2023 से विद्यालय लगातार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम दे रहा है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में शामिल 11 छात्राओं में से 7 ने प्रथम तथा 4 ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की, जबकि इंटरमीडिएट में 6 छात्राओं में 5 प्रथम और 1 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुई। प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यालय की शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की मेहनत व समर्पण के कारण विद्यालय लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। इस अवसर पर रति राम नौटियाल, हीरा सिंह राणा, बालम राणा, प्रवीण कुमार, वीर सिंह चैहान, नीलम, बिंद्रा राणा, प्रीतम राणा कृष्णा देवी, गोपाल राणा, शिव कुमार सहित कई अभिभावक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *