Your Website Description

गौचर में पहली बार अलकनंदा तट पर हुई भव्य गंगा आरती, भक्तिमय हुआ माहौल

गौचर। गौचर क्षेत्र में रघुनाथ मंदिर के समीप पावन अलकनंदा नदी के तट पर पहली बार भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। सभासद विनीत रावत की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। एसजीएम साहब के सहयोग तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की सहभागिता से कार्यक्रम संपन्न हुआ।

गंगा आरती के पावन अवसर पर वेदान्श एजुकेशन एकेडमी के प्रतिनिधियों के साथ बजरंग दल नगर संयोजक दीपक गौर, जिला संयोजक शुभम् बुटोला, विश्व हिंदू परिषद की जिला अध्यक्ष बीना भंडारी, प्रांत अध्यक्ष चिंतामणि सेमवाल, प्रकाश गौड़ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सभी वार्डों की महिला मंगल दलों, कीर्तन मंडलियों, मातृशक्ति और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। अलकनंदा नदी के तट पर दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार, भजनों और सामूहिक आरती के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने सुझाव दिया कि गंगा आरती को गौचर मेले का भी अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। इससे धार्मिक आस्था के साथ गौचर की सांस्कृतिक पहचान, पर्यटन और स्थानीय सहभागिता को भी बढ़ावा मिल सकेगा।

सभासद विनीत रावत ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य किसी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ा होना नहीं, बल्कि गौचर की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना और समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के आयोजन की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *